नवा रायपुर में हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी बनी रणभूमि : लाठी-डंडों से हमला, गाड़ियों में तोड़फोड़,

नवा रायपुर में हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी बनी रणभूमि : लाठी-डंडों से हमला, गाड़ियों में तोड़फोड़,

रायपुर | नवा रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित ऐलसवेयर होटल में शनिवार देर रात आयोजित एक हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी उस वक्त हिंसा में बदल गई, जब युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और होटल परिसर में खड़ी कई गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के दौरान होटल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मारपीट और तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी के दौरान राहुल गवली और उसके साथियों का शुभम लेखवानी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआती कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि राहुल गवली और उसके साथियों ने शुभम लेखवानी पर लाठी-डंडों से हमला किया और बाद में गाड़ियों में तोड़फोड़ कर मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश को विवाद की वजह बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और पहचान होते ही उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि रायपुर और नवा रायपुर में देर रात होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद पुलिस ने ऐसे आयोजनों पर कड़ी निगरानी और सख्ती के संकेत दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!